देहरादून : कोरोना काल के बाद आखिरकार अब उत्तराखंड अनलॉक की ओर बढ़ने लगा है। यही वजह है कि जनता से जुड़ी सेवाओ को कोविड के नियमो के तहत धीरे धीरे शुरू किया जा रहा है जिसके चलते गुरुवार से हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के लिए उत्तराखंड रोडवेज की बसें चलनीं शुरू हो गई हैं। मंडल प्रबंधक संजय गुप्ता ने सभी डिपो के लिए इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। पहले चरण में फिलहाल अभी बसें 50 प्रतिशत यात्री क्षमता के साथ चलाई जा रही हैं।परिवहन निगम और सरकार बसों का अंतरराज्यीय संचालन शुरू करने की कोशिशों में लगी हुई है। जिसके बाद अब हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ ने बस संचालन की अनुमति प्रदान कर दी है। यात्रा में कोविड गाइडलाइंस के तहत 50 प्रतिशत यात्री क्षमता के साथ इन बसों का संचालन किया जा रहा है। परिवहन निगम के मंडल प्रबंधक संजय गुप्ता की ओर से जारी आदेश के अनुसार देहरादून, ऋषिकेश,हरिद्वार से चंडीगढ़,शिमला और धर्मशाला के लिए बस संचालन किया जा रहा है। यह बसें पौंटा साहिब होते हुए चलाई जा रहीं हैं। सवारियों की उपलब्धता पर ही बस संचालन निर्भर करेगा।