उत्तराखंड

लोकपर्व फूलदेई पर्यावरण संरक्षण का उत्सव है : राज्यपाल

देहरादून : उत्तराखण्ड के प्रसिद्ध लोक पर्व फूलदेई के अवसर पर रविवार सुबह राजभवन पहुंचे बच्चों ने प्रकृति के साथ सुख-शान्ति और समृद्धि की शुभकामनाएं लेकर राजभवन की दहलीज पर फूल बरसाये। हाथों में आकर्षक फूलों की छोटी-छोटी टोकरियां थामे बच्चियों ने राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को शुभकामनाएं दीं। राज्यपाल ने बड़े उत्साह के साथ बच्चों का स्वागत किया और उन्हें चावल,अन्य अनाज और उपहार भेंट किए। राज्यपाल श्रीमती मौर्य ने बच्चों के खुशहाल और उज्जवल भविष्य की कामना की।

राज्यपाल ने कहा कि लोकपर्व फूल देई पर्यावरण संरक्षण का उत्सव है। फूलदेई त्यौहार राज्य का लोकपर्व है। यह लोकपर्व प्रकृति प्रेम एवं पर्यावरण सरंक्षण का संदेश देता है। हमें अपनी परम्पराओं और संस्कृति से भावी पीढ़ी को जोड़ना होगा।